बानसूर। स्मार्ट हलचल।निकटवर्ती गांव गुवाड़ा में गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने एक साथ आठ कुओं को निशाना बनाते हुए विद्युत केबल चोरी कर ली। घटना का पता शुक्रवार सुबह तब चला, जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से क्षेत्र के किसानों में रोष व्याप्त हैं।ग्रामीण छीतरमल ने बताया कि उनके कुएं की मोटर खराब होने के कारण उसे पहले ही बाहर निकाल रखा था। शुक्रवार सुबह जब वह कुएं पर पहुंचे तो मोटर अपनी जगह रखी मिली, लेकिन उससे जुड़ी विद्युत केबल गायब थी। जांच करने पर पता चला कि चोर केवल उनके ही नहीं, बल्कि आसपास के करीब सात अन्य किसानों के कुओं से भी केबल चोरी कर ले गए। घटना की सूचना हरसौरा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की हैं।
