लखीमपुर खीरी। स्मार्ट हलचल।जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों ने अपनी विशेषज्ञता और आधुनिक उपचार पद्धति के बल पर फेफड़ों के गंभीर संक्रमण से जूझ रहे एक युवक का सफल उपचार कर उसे नया जीवन प्रदान किया है। यह सफलता जिला अस्पताल में उपलब्ध बेहतर चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की दक्षता का उदाहरण मानी जा रही है।मेडिसिन विभाग के चिकित्सक डॉ. अंशुल गुप्ता, डॉ. शिखर बाजपेई एवं डॉ. अरविंद वर्मा की टीम ने मरीज की गंभीर स्थिति का गहन परीक्षण करने के बाद इंटरकॉस्टल ड्रेनेज (आईसीडी) तथा स्ट्रेप्टोकाइनेज थेरेपी जैसी आधुनिक चिकित्सा तकनीकों का सफलतापूर्वक उपयोग किया। उपचार के दौरान फेफड़ों में जमा पस को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया, जिससे मरीज की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ और उसकी जान बचाई जा सकी।
चिकित्सकों ने बताया कि फेफड़ों के गंभीर संक्रमण के मामलों में समय पर सही उपचार अत्यंत आवश्यक होता है। आधुनिक तकनीकों के उपयोग से ऐसे जटिल मामलों का भी प्रभावी इलाज संभव हो रहा है।
इस उपलब्धि पर जिला अस्पताल की प्राचार्य डॉ. वाणी गुप्ता एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. आर.के. कोहली ने चिकित्सकों की पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में अब फेफड़ों की जटिल बीमारियों के उपचार के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे जनपद के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल रही हैं और उन्हें इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल लगातार आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे गंभीर बीमारियों का उपचार भी अब जनपद स्तर पर संभव हो रहा है। इससे मरीजों का समय और धन दोनों की बचत होगी तथा उन्हें समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
