जोबनेर में बसपा की रणनीतिक बैठक, रैगर समाज की भागीदारी बढ़ाने पर दिया जोर

स्मार्ट हलचल।जोबनेर कस्बे की रैगर धर्मशाला में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रैगर समाज की राजनीतिक भागीदारी, वर्तमान राजनीतिक स्थिति तथा आगामी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जयपुर ग्रामीण प्रभारी निरंजन सिंह एवं जयपुर ग्रामीण जोन प्रभारी सुरेंद्र बासोटिया ने कहा कि रैगर समाज का राजनीतिक प्रतिनिधित्व लगातार कम होता जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1981 से 2005 के बीच रैगर समाज के 7 विधायक एवं 5 सांसद रहे, जबकि वर्तमान समय में समाज की राजनीतिक भागीदारी काफी घट गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी, दोनों ही दलों ने रैगर समाज को अपेक्षित राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं दिया। वहीं, बहुजन समाज पार्टी ने पिछले विधानसभा चुनाव में रैगर समाज के 11 उम्मीदवारों को टिकट देकर समाज को सम्मान और अवसर प्रदान किया।
बैठक में संगठन को मजबूत करने, समाज के लोगों को अधिक से अधिक राजनीतिक रूप से जागरूक करने तथा आगामी चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर पूर्व जयपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष रवि जाजोरिया, समाज अध्यक्ष गोविंदराम जाजोरिया, रामलाल जलुथरिया, गोवर्धन जाजोरिया, गिरधारीलाल जाजोरिया, गोवर्धन मोहिल, दिनेश जाजोरिया, सोहनलाल मौर्य, रूपचंद जाजोरिया, मांगीलाल नोगिया, गिरधार सहित समाज एवं पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।