सरकारी शिक्षक पर श्मशान घाट की भूमि पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने तहसीलदार से हटाने की लगाई गुहार

अलकेश पारीक

जहाजपुर। स्मार्ट हलचल।उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत घोड़ के ग्राम भण्डारिया में श्मशान घाट के लिए आरक्षित सरकारी भूमि पर एक सरकारी शिक्षक द्वारा कथित अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने तहसीलदार जहाजपुर को ज्ञापन सौंपकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, निर्माण कार्य रुकवाने तथा निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार राजस्व रिकॉर्ड में आराजी संख्या 169 श्मशान घाट के नाम दर्ज है। आरोप है कि एक सरकारी शिक्षक ने इस भूमि पर अवैध रूप से तारबंदी कर कब्जा कर लिया है तथा पक्का निर्माण भी कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस कब्जे के कारण श्मशान घाट तक जाने वाला सार्वजनिक रास्ता भी बाधित हो गया है।
ज्ञापन में बताया गया है कि पूर्व में सूचना मिलने पर पटवारी मौके पर पहुंचे थे, जिसके बाद निर्माण कार्य कुछ समय के लिए रुक गया था। आरोप है कि बाद में दोबारा निर्माण शुरू कर दिया गया। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर संबंधित सरकारी शिक्षक द्वारा उन्हें धमकियां दी जा रही हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर मौके की निष्पक्ष जांच कराने, श्मशान घाट की सरकारी भूमि को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
अब पूरे मामले में प्रशासन की कार्रवाई पर ग्रामीणों की नजर टिकी हुई है।