वरिष्ठ नागरिकों ने उठाई रेलवे रियायत बहाल करने और अलग मंत्रालय बनाने की मांग

कोटा में नई प्रदेश कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण, भीलवाड़ा प्रतिनिधियों ने कहा— कोरोना काल में बंद हुई सुविधाएं फिर शुरू करे केंद्र सरकार

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल।वरिष्ठ नागरिक संस्थान राजस्थान की सत्र 2026-29 की नई प्रदेश कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण एवं प्रथम बैठक रविवार को कोटा क्लब में आयोजित हुई। बैठक में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग मंत्रालय का गठन, कोरोना काल में बंद की गई रेलवे किराया रियायत को पुनः लागू करने, प्रत्येक जिले में वरिष्ठ नागरिक भवन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन में बढ़ोतरी, हेल्पलाइन 14567 को 24 घंटे संचालित करने तथा वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े कानूनों में समयानुकूल संशोधन की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
बैठक में कई वरिष्ठ नागरिकों ने कहा कि कोरोना काल में रेलवे रियायत जैसी सुविधाएं बंद कर दी गईं, लेकिन मंत्रियों और विधायकों को मिलने वाली सुविधाओं में कोई कटौती नहीं की गई। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों और पत्रकारों को मिलने वाली सुविधाएं जनहित में केंद्र सरकार को शीघ्र पुनः शुरू करनी चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष भंवर सेठ एवं प्रदेश महामंत्री मदन खटोड़ ने संगठन विस्तार और वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों पर विचार रखे। कार्यक्रम में भीलवाड़ा से मदन खटोड़, कृष्ण गोपाल सोमानी, अरुण कुमार आचार्य, उमा शंकर शर्मा, प्रमोद कुमार तोषनीवाल, कैलाश चंद्र पुरोहित और वीणा खटोड़ ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इसके अलावा मूलचंद बाफना, रमा पुरोहित, पुष्पा तोषनीवाल, शकुंतला बाफना और विजयलक्ष्मी सोमानी सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।