मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री गडकरी आज करेंगे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण, लबान इंटरचेंज से कोटा तक परखेंगे निर्माण गुणवत्ता

लोकसभा अध्यक्ष बिरला भी रहेंगे साथ

लाखेरी – स्मार्ट हलचल।केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार दोपहर बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के लबान इंटरचेंज से कोटा तक निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हेलीकॉप्टर द्वारा लबान इंटरचेंज पहुंचेंगे, जबकि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला खातौली के कार्यक्रम से सड़क मार्ग से लबान इंटरचेंज आएंगे। यहां से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री और लोकसभा अध्यक्ष एक साथ सड़क मार्ग से कोटा तक एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान दरा टनल का भी जायजा लिया जाएगा तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता का आकलन किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार एक्सप्रेस-वे निर्माण में सामने आई खामियों और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों की भी समीक्षा की जाएगी। यदि निरीक्षण में अनियमितताएं पाई जाती हैं तो संबंधित निर्माण एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। इसे देखते हुए संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों में दिनभर हलचल बनी रही।

निरीक्षण को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा रहा। लबान इंटरचेंज पर हेलीकॉप्टर उतरने की व्यवस्था, अस्थायी हेलीपेड, स्वागत पंडाल तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा एक्सप्रेस-वे पर ही केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री एवं लोकसभा अध्यक्ष का स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा।

भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन मीणा ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वहीं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।