स्मार्ट हलचल, चित्तौड़गढ़। भारत विकास परिषद के सेवा पखवाड़े के तहत चित्तौड़गढ़ स्थित परिषद के स्थायी सिलाई प्रशिक्षण केंद्र पर एक जरूरतमंद बेटी को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीन भेंट की गई। साथ ही प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली 22 बालिकाओं को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
केंद्र की संरक्षिका शशि सनाढ्य ने बताया कि वर्ष 2019 से संचालित यह निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र निरंतर महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रहा है। अब तक 2,723 महिलाएं एवं बालिकाएं यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी हैं, जो आज स्वयं एवं अन्य लोगों के कपड़े सिलकर रोजगार अर्जित कर रही हैं।
शाखा प्रमुख सुमन कालिया ने बताया कि वर्तमान में केंद्र पर 22 बालिकाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। प्रशिक्षिका संगीता जैन द्वारा उन्हें सिलाई का व्यावहारिक एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
सदस्य अल्का जैन एवं अर्चना मोदानी ने बताया कि सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली 22 बालिकाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में रीजनल पदाधिकारी कमल जैन, प्रांत पदाधिकारी नवीन वर्डिया, शाखा अध्यक्ष महेश नुवाल, सचिव ब्रजेश मोदानी, राजेश पगारिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने सिलाई केंद्र के सफल संचालन के लिए परिषद की महिला सदस्यों की सराहना की।
इस अवसर पर अरुणा सुखवाल, आशा वर्डिया, मीरा न्याती, अंजु पगारिया, लाड कंवर, निर्मला न्याती, सुनीता कुलवाल एवं अरुणा जैन सहित बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित रहीं।
