सेवा से मनेगा जन्मोत्सव: विधायक गोपीचंद मीणा के सेवा पखवाड़े में रावतखेड़ा में 1100 पौधों का महाअभियान

9 जुलाई को सेवा पखवाड़े के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में हुआ वृक्षारोपण, ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण का लिया

अलकेश पारीक

 

जहाजपुर।स्मार्ट हलहल|जहाजपुर-कोटड़ी के विधायक एवं भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष गोपीचंद मीणा के 15 जुलाई को होने वाले जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सेवा पखवाड़े के तहत गुरुवार को ग्राम पंचायत रावतखेड़ा में विशाल वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विधायक गोपीचंद मीणा की मौजूदगी में 1100 पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, महिला शक्ति, युवाओं एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। विधायक मीणा ने कहा कि जन्मदिन को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए समाज और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना ही सच्ची सेवा है। उन्होंने प्रत्येक लगाए गए पौधे की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
सेवा पखवाड़े के अंतर्गत पिपलूंद, रावतखेड़ा, बेड़े, सरसिया एवं भरणी कला ग्राम पंचायतों में भी व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाना है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों एवं ग्रामीणों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। पूरे आयोजन में सेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता का संदेश देखने को मिला।