लखीमपुर जाते समय रेलवे ट्रैक पर हुआ हादसा, आधार कार्ड से हुई पहचान; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मैलानी खीरी। स्मार्ट हलहल|दवा लेने घर से निकले एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की गुरुवार को ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे और स्थानीय पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, गुरुवार को स्टेशन अधीक्षक मैलानी ने पुलिस को सूचना दी कि ट्रेन संख्या 55084 के गार्ड ने मैलानी-बांकेगंज रेलवे लाइन के किलोमीटर संख्या 193/4-6 के बीच एक व्यक्ति के ट्रेन से कटने की सूचना दी है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक तेजबहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस को मृतक के पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान बलवंत सिंह (65 वर्ष), पुत्र इंदर सिंह, निवासी ग्राम मुरारखेड़ा, थाना संपूर्णानगर, जनपद लखीमपुर खीरी के रूप में हुई। पुलिस ने ग्राम प्रधान और परिजनों से दूरभाष पर संपर्क कर फोटो के माध्यम से पहचान कराई, जिसके बाद परिजनों ने मृतक की शिनाख्त की पुष्टि की।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि बलवंत सिंह गुरुवार को ही पलिया से ट्रेन के माध्यम से लखीमपुर दवा लेने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद रेलवे ट्रैक पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस ने स्थिति को सामान्य बनाए रखा।
दवा लेने निकले बुजुर्ग का इस तरह असमय दुनिया से चले जाना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
