इंद्रगढ़ अस्पताल परिसर में सरकारी उपभोक्ता भंडार दवा केंद्र का शुभारंभ

कर्मचारियों व पेंशनरों को मिलेगी एक ही स्थान पर दवा सुविधा

लाखेरी – स्मार्ट हलहल|उपखंड क्षेत्र में इंद्रगढ़ शहर के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में गुरुवार को सरकारी उपभोक्ता भंडार दवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्र के प्रारंभ होने से अब सरकारी कर्मचारियों एवं पेंशनरों को राज्य सरकार की योजना के तहत मिलने वाली दवाइयाँ अस्पताल परिसर में ही उपलब्ध हो सकेंगी। इससे उन्हें दवाइयों के लिए अन्य स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा तथा समय और धन दोनों की बचत होगी।
शुभारंभ समारोह में नगर पालिका इंद्रगढ़ के अधिशाषी अधिकारी बृजभूषण शर्मा, अस्पताल प्रभारी धर्मेंद्र गुप्ता, पेंशनर समाज के अध्यक्ष जगदीश नारायण शर्मा, संरक्षक गोपाल गोस्वामी, हेमराज गौतम, गणेश गौतम, शिक्षक संघ के अध्यक्ष जोधराज मीणा, ट्रेजरी विभाग से हरिओम, चिकित्सक डॉ. प्रियंका मीणा एवं डॉ. रितिका शर्मा, दवा केंद्र के संचालक सुनील शर्मा एवं मोहित शर्मा तथा देईखेड़ा व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश व्यास सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारी, पेंशनर एवं विभिन्न समाजों के लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया ।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि अस्पताल परिसर में दवा केंद्र प्रारंभ होने से सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को आवश्यक दवाइयाँ एक ही स्थान पर आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। इससे स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ होंगी और लाभार्थियों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी। उन्होंने इस पहल को आमजन और सरकारी कार्मिकों के लिए उपयोगी बताते हुए इसके सफल संचालन की शुभकामनाएँ भी दीं।