11 जुलाई को होगा प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव
नीरज मीणा
महुवा। स्मार्ट हलचल/महुवा विधानसभा क्षेत्र के कस्बा बालाहेडी मैं लखेरा समाज समिति, दौसा के तत्वावधान में ग्राम पंचायत मुख्यालय बालाहेड़ी स्थित प्राचीन राधा-कृष्ण मंदिर के जीर्णोद्धार के उपलक्ष्य में गुरुवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बैंड-बाजों, धार्मिक जयघोष और श्रद्धालुओं की अपार आस्था के बीच निकाली गई शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर यात्रा की शोभा बढ़ाई, जबकि श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
लखेरा समाज के सहयोग से जीर्ण-शीर्ण हो चुके मंदिर का पुनर्निर्माण कराया गया है। मंदिर में श्री राधा-कृष्ण, शिव परिवार, चौथ माता एवं हनुमान जी की नवीन प्रतिमाओं की स्थापना के लिए धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है।
शोभायात्रा को अखिल भारतीय लखेरा महासभा के महामंत्री जगदीश प्रसाद लखेरा (गंज खेड़ली) ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर लखेरा समाज, दौसा के अध्यक्ष प्रकाश लखेरा, उपाध्यक्ष अशोक कुमार, महामंत्री श्याम प्रकाश, पूर्व अध्यक्ष शंकरलाल, टोडाभीम से ओमप्रकाश एवं जानकीलाल, महुवा से बाबूलाल ,अशोक कुमार, और घनश्याम लखेरा, भुसावर से सुरेशचंद लखेरा, मानपुर से जगन्नाथ, विवाई से विरदीचंद, रमेश भंडारी, रामस्वरूप, मनीष, भगवान सहाय एवं केशव लखेरा सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संयोजकों ने बताया कि कलश यात्रा के साथ ही प्रतिमाओं का अधिवास प्रारंभ हो गया है। 10 जुलाई को चाक-भात एवं पाणिग्रहण संस्कार का आयोजन होगा, जबकि 11 जुलाई को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
लखेरा समाज, दौसा के अध्यक्ष प्रकाश लखेरा ने बताया कि मंदिर का जीर्णोद्धार समाज के सामूहिक सहयोग से कराया गया है। उन्होंने समाज के सभी सदस्यों से धार्मिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सभी लखेरा समाज के धर्म प्रेमी बंधुओ को शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
