दौसा पुलिस लाइन में महिला सुरक्षा विषयों पर संपर्क सभा आयोजित

महिलाओं के अधिकारों के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली श्रीमती अनीता अवस्थी सम्मानित

नीरज मीणा

महुवा। स्मार्ट हलचल/रिजर्व पुलिस लाइन, दौसा में बुधवार को पीयूष दीक्षित पुलिस अधीक्षक दोसा के निर्देशन में महिला सुरक्षा विषयों पर संपर्क सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं के अधिकारों एवं सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महुवा निवासी श्रीमती अनीता अवस्थी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीयूष दीक्षित जिला पुलिस अधीक्षक, दौसा के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता तथा समाज में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (महिला अपराध अनुसंधान प्रकोष्ठ) डॉ. रत्ना गर्ग, राजकीय बालिका महाविद्यालय, दौसा की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. स्वर्णलता सिंह, अधिवक्ता मालती शर्मा, अधिवक्ता गीतेश शर्मा, अधिवक्ता अंजली कांकरिया, अधिवक्ता प्रिया शर्मा, अधिवक्ता निधि शर्मा तथा सामाजिक कार्यकर्ता एवं महिला सुरक्षा सखी श्रीमती अनीता अवस्थी सहितमहिला संगठनों की प्रतिनिधियों, आशा सहयोगिनियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई। वक्ताओं ने महिला सुरक्षा, महिला अधिकारों, संबंधित कानूनों तथा महिलाओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार पर विस्तार से जानकारी देते हुए सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से सुरक्षित समाज के निर्माण का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, पीलवा में अध्यापिका के पद पर कार्यरत तथा महिला सुरक्षा सखी एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती अनीता अवस्थी को उनके उल्लेखनीय सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। श्रीमती अनीता अवस्थी को छात्राओं एवं महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ पुलिस के सहयोग से लावारिस एवं पीड़ित महिला-पुरुषों को ‘अपना घर’ संस्था, भरतपुर तक पहुंचाने, उनके उपचार एवं पुनर्वास के बाद उन्हें सकुशल उनके परिवारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन सेवाओं के लिए पुलिस विभाग ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली अन्य महिलाओं को भी सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी वक्ताओं ने महिला सुरक्षा, संवेदनशील पुलिसिंग एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए जन-जागरूकता और सामाजिक सहभागिता को और अधिक सशक्त बनाने पर बल दिया।कार्यक्रम का संदेश था— “महिला सुरक्षा हमारा संकल्प, सुरक्षित समाज हमारा लक्ष्य।” इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों, शिक्षाविदों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं नर्सिंग छात्राओं ने महिला सुरक्षा, अधिकारों एवं जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।