12 से 17 जुलाई तक होगी वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा-जिला मुख्यालय पर बनाया गया नियंत्रण कक्ष

शिवराज बारवाल मीना
टोंक।स्मार्ट हलहल|राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी), अजमेर द्वारा वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा (माध्यमिक शिक्षा विभाग)-2025 का आयोजन टोंक जिले में 12 से 17 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। परीक्षा प्रतिदिन दो पारियों में आयोजित होगी। प्रथम पारी प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पारी दोपहर 3:00 बजे से सायं 5:30 बजे तक संपन्न होगी।
जिला कलेक्टर टीना डाबी ने बताया कि परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए राजस्थान लोक सेवा आयोग के निर्देशानुसार जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, टोंक में एक नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि नियंत्रण कक्ष के संचालन हेतु अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक), टोंक कृष्ण गोपाल शर्मा को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। परीक्षा संबंधी समन्वय एवं व्यवस्थाओं के लिए अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए प्रभारी अधिकारी कृष्ण गोपाल शर्मा से उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।