विश्व जनसंख्या दिवस पर चिकित्सा मंत्री श्री गजेंद्र सिंह खींवसर की अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल राज्य स्तरीय समारोह में जिले को मिलेगा सम्मान
*जनसंख्या स्थायित्व एवं परिवार कल्याण में उत्कृष्ट कार्य के लिए जिले की संस्थाओं और ग्राम पंचायतों का जिला स्तर से वर्चुअली होगा सम्मान*
भीलवाड़ा, 10 जुलाई। स्मार्ट हलहल|जनसंख्या स्थायित्व एवं परिवार कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए भीलवाड़ा जिले ने एक बार फिर प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। परिवार कल्याण प्रोत्साहन पुरस्कार योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत भीलवाड़ा जिले का राज्य स्तरीय द्वितीय पुरस्कार के लिए चयन किया गया है। जिले को लगातार तीसरी बार यह गौरव प्राप्त हुआ है, जबकि राज्य स्तर पर लगातार दूसरी बार द्वितीय स्थान हासिल कर भीलवाड़ा ने अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का प्रमाण दिया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस (11 जुलाई) के अवसर पर स्वास्थ्य भवन, जयपुर में माननीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेंद्र सिंह खींवसर की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय वर्चुअल पुरस्कार समारोह में जिले को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इस समारोह में प्रदेशभर के जिलों, चयनित संस्थाओं एवं प्रतिनिधियों की कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वीसी रूम से जिला स्तर से वर्चुअल सहभागिता रहेगी।
उन्होंने बताया कि भीलवाड़ा जिले को वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में भी परिवार कल्याण प्रोत्साहन पुरस्कार प्राप्त हो चुका है। लगातार तीसरी बार चयनित होने के कारण इस वर्ष जिले को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
*जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के वीसी रूम से वर्चुअली जुड़कर समारोह के दौरान जनसंख्या स्थायित्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं, ग्राम पंचायतों का होगा सम्मान*
अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामकेश गुर्जर ने बताया कि इस वर्ष की थीम “जब बच्चों में सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” के अनुरूप विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वीसी रूम से आयोजित वर्चुअल समारोह के दौरान परिवार कल्याण एवं जनसंख्या स्थायित्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं, ग्राम पंचायतों एवं स्वयंसेवी संगठनों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पुरस्कार योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत आसींद पंचायत समिति को जिले की सर्वश्रेष्ठ पंचायत समिति, उप जिला अस्पताल हमीरगढ़, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौखुन्दा तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोरडा को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त नेगड़िया, बालेसरिया, चांदजी की खेड़ी, आगूचा, विलेठा, लादुवास, छापरेल, जिंद्रास, लाडपुरा, मौखुन्दा, उमेदपुरा बचखेड़ा एवं गढ़ पाछली आमली ग्राम पंचायतों सहित परिवार कल्याण एवं जनसंख्या स्थायित्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं और अन्य चयनित इकाइयों को भी विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा।
