खेतों पर चोरों का धावा: सोलर सिस्टम की 100 फीट केबल और स्टार्टर चोरी-किसान को करीब 50 हजार की चपत,

लगातार बढ़ रही ग्रामीण इलाकों में चोरियों से दहशत-किसानों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और सक्रिय गिरोह पर कार्रवाई की मांग

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/पीपलू। स्मार्ट हलहल|पीपलू उपखंड क्षेत्र के झिराना गांव में अज्ञात चोरों ने एक किसान के खेत में लगे सोलर सिंचाई सिस्टम को निशाना बनाते हुए करीब 100 फीट सोलर केबल और मोटर का स्टार्टर चोरी कर लिया। घटना से किसान को लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित किसान ने झिराना थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
झिराना निवासी मंगला राम पुत्र रामकिशन जाट ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने करीब दो वर्ष पूर्व अपने खेत पर सोलर सिस्टम स्थापित कराया था, जिससे सबमर्सिबल मोटर संचालित होती थी। पिछले चार-पांच दिनों के दौरान अज्ञात चोर सुनसान खेत का फायदा उठाकर करीब 100 फीट सोलर केबल और मोटर का स्टार्टर चोरी कर ले गए। घटना का पता चलने पर किसान ने आसपास के खेतों और रास्तों में काफी तलाश की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने झिराना पुलिस थाने में लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से किसानों और ग्रामीणों में भय का माहौल है।ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से खेतों और ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा सक्रिय चोर गिरोहों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं रिपोर्ट के बाद पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।