विश्व जनसंख्या दिवस पर ‘छोटा परिवार–सुखी परिवार’ का संदेश लेकर दिया जागरूकता का संदेश, महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय से निकली जनजागृति रैली

सीएमएचओ ने हरी झंडी दिखा कर किया रैली को रवाना

भीलवाड़ा, 11 जुलाई। स्मार्ट हलहल|विश्व जनसंख्या दिवस-2026 के अवसर पर जिले में जनसंख्या स्थिरीकरण एवं परिवार कल्याण के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय परिसर से भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा व अति. सीएमएचओ (प.क.) डॉ. रामकेश गुर्जर ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने कहा कि सीमित परिवार ही स्वस्थ, खुशहाल और समृद्ध समाज की आधारशिला है। परिवार नियोजन अपनाकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है तथा समाज के सतत विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने आमजन से परिवार कल्याण संबंधी सेवाओं का अधिकाधिक लाभ लेने और जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

रैली में ए.एन.एम टी. सी. प्रधानाचार्य रविंद्र ट्रेलर, सहायक प्रशासनिक अधिकारी आशीष पंचोली, मुकेश श्रीवास्तव, ए.एन.एम. प्रशिक्षण केंद्र की प्रशिक्षार्थियों, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कार्मिकों तथा स्वास्थ्यकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां एवं बैनर लेकर “छोटा परिवार–सुखी परिवार”, “स्वस्थ मां–स्वस्थ शिशु, खुशहाल परिवार” जैसे संदेशों के माध्यम से जनसामान्य को परिवार नियोजन एवं जनसंख्या स्थिरीकरण के प्रति जागरूक किया।

रैली महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गो से होते हुए पुनः महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय पहुंचकर सम्पन्न हुई। पूरे मार्ग में आमजन को परिवार कल्याण, जनसंख्या स्थिरीकरण तथा स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

अति. सीएमएचओ (प.क.) डॉ. रामकेश गुर्जर ने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस सप्ताह के तहत जिले में 11 से 18 जुलाई तक परिवार कल्याण एवं जनसंख्या स्थिरीकरण को लेकर विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वस्थ परिवार एवं जिम्मेदार अभिभावकत्व का संदेश पहुंचाया जा सके।