‘माय भारत’ बना युवा शक्ति का नया मंच: बूंदी में विशेष पंजीकरण अभियान

200 से अधिक युवाओं ने किया मौके पर पंजीकरण, नशामुक्ति का लिया संकल्प

बूंदी- स्मार्ट हलहल|मेरा युवा भारत (माय भारत) केंद्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में आयोजित विशेष ‘माय भारत पंजीकरण एवं युवा जागरूकता अभियान’ ने युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।अभियान में जिला युवा अधिकारी अशोक कुमार मेघवाल, जिला खेल अधिकारी हर्षवर्धन सिंह चुंडावत, राष्ट्रीय युवा कार्यक्रम सहभागी गोविंद प्रजापत सहित अन्य अधिकारियों एवं युवा स्वयंसेवकों ने सहभागिता करते हुए युवाओं से अधिकाधिक संख्या में माय भारत से जुड़ने का आह्वान किया। इस दौरान विद्यार्थियों को माय भारत पोर्टल की जानकारी देकर उन्हें डिजिटल माध्यम से ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण कराकर राष्ट्र निर्माण की इस अभिनव पहल से जोड़ा गया। साथ ही इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

जिला युवा अधिकारी मेघवाल ने जागरूकता सत्रों में युवाओं को माय भारत पोर्टल की पंजीकरण प्रक्रिया का चरणबद्ध प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, कौशल संवर्धन, अनुभवात्मक शिक्षण, सरकारी अभियानों, सामाजिक सरोकारों तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़े अवसरों की विस्तृत जानकारी साझा की गई। खेल अधिकारी चुण्डावत ने बताया कि माय भारत केवल एक डिजिटल पोर्टल नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता को नई दिशा देने वाला राष्ट्रीय मंच है।

इस दौरान 200 से अधिक युवाओं का मौके पर ही माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराया गया, जबकि बड़ी संख्या में अन्य विद्यार्थियों को भी इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।