अरुण कुमार केसकर
खखरेरू/स्मार्ट हलहल|फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू के वार्ड संख्या-12 रामनगर में बारिश के कारण जलमग्न हुई गलियों की समस्या को लेकर समाचार प्रकाशित होने के बाद नगर प्रशासन हरकत में आ गया। शनिवार सुबह से जलभराव वाले स्थानों पर मिट्टी पुराई का कार्य शुरू करा दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
गौरतलब है कि गुरुवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद रामनगर की अधिकांश गलियां जलमग्न हो गई थीं। शुक्रवार सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और रोजमर्रा के काम के लिए निकलने वाले लोगों को जलभराव के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस समस्या को लेकर 11 जुलाई के अंक में “नगर पंचायत में बारिश बनी आफत” शीर्षक से प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया गया था।
समाचार प्रकाशित होने के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए वार्ड की जलभराव वाली गलियों में मिट्टी पुराई का कार्य शुरू करा दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे जल निकासी में सुधार होगा और आवागमन पहले की अपेक्षा आसान हो सकेगा।
स्थानीय निवासी पुजारी महाराज, छोटू विश्वकर्मा, राजेश विश्वकर्मा, कृष्ण अवतार तिवारी, अशोक कुमार विश्वकर्मा, रोनी कुमार, अजय तिवारी, शिव दुलारे सहित अन्य लोगों ने मिट्टी पुराई का कार्य शुरू होने पर खुशी जताई। उनका कहना है कि लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई थी, लेकिन अब नगर पंचायत की पहल से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
नगरवासियों ने मांग की कि मिट्टी पुराई के साथ-साथ स्थायी समाधान के लिए जल निकासी की समुचित व्यवस्था भी कराई जाए, ताकि हर बारिश में लोगों को इस समस्या का सामना न करना पड़े।
