हत्या की आशंका जताते हुए एफआईआर दर्ज कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। ग्राम मांगरोल में विवाहिता रतनीबाई प्रजापत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर बनस्टी गांव के ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। मामले में हत्या की आशंका जताते हुए ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच, तत्काल एफआईआर दर्ज करने तथा आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 5 जुलाई को बनस्टी निवासी बालूलाल प्रजापत की 30 वर्षीय पुत्री रतनीबाई की उसके ससुराल ग्राम मांगरोल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने निम्बाहेड़ा सदर थाने में पति नानालाल प्रजापत, जेठ मोहनलाल, जेठपुत्र राहुल, मनु, विधवा ननद मांगीबाई सहित अन्य लोगों के खिलाफ षड्यंत्रपूर्वक हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दी थी।
ज्ञापन में कहा गया कि कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा प्रभावी एवं निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई है। आरोप है कि नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं तथा मृतका के परिजनों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि घटना स्थल जेके सीमेंट मांगरोल प्लांट से लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित है, जहां हाई पावर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इसके बावजूद अब तक सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है।
ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर तत्काल विधिसम्मत एफआईआर दर्ज करने, दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने तथा मृतका के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षद भोलाराम प्रजापत, सरपंच संघ जिलाध्यक्ष गणेशलाल साहू, पूर्व उपसरपंच बक्षीराम गुर्जर, उपसरपंच इन्द्रमल गुर्जर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिला-पुरुष उपस्थित रहे।
