अविनाश मीणा
घाड़ (देवली), टोंक|स्मार्ट हलहल|दूनी-नगरफोर्ट मार्ग (34A) पर स्थित घाड़ में एक बड़ा हादसा टल गया। यहां एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे बने पाराशर परिवार के सती माता मंदिर में जा घुसी। गनीमत रही कि हादसे के समय मंदिर के पास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि का खतरा टल गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार टक्कर से मंदिर का ऊपरी गुंबद गिर गया और ढांचा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, गर्भगृह में स्थापित सती माता की प्रतिमा को कोई खरोंच नहीं आई, जिसे स्थानीय लोगों ने चमत्कार बताया।
यह स्थान घाड़ का मिनी रीको औद्योगिक क्षेत्र है, जहां अक्सर लोगों की आवाजाही रहती है। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी मौके पर जमा हो गए।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दूसरे ट्रैक्टर की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही घाड़ पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को हिरासत में ले लिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर मालिक भी मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए क्षतिग्रस्त मंदिर के पुनर्निर्माण का आश्वासन दिया।
