पुनित चपलोत
भीलवाड़ा // पदमपत सिंघानिया विश्वविद्यालय (एसपीएसयू), उदयपुर के तत्वावधान में सृजन मीडिया द्वारा तथा आइंस्टीन अकादमी के समन्वय सहयोग से रविवार को होटल ट्यूलिप में “मेवाड़ गौरव सम्मान-2026” का आयोजन किया गया। समारोह में मेवाड़ अंचल के विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम के लिए 450 से अधिक ऑनलाइन पंजीकरण प्राप्त हुए, जबकि समारोह में 250 से अधिक विद्यार्थी एवं अभिभावक शामिल हुए। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त वैज्ञानिक एवं भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बार्क) के पूर्व वैज्ञानिक डॉ. करण सिंहवी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का आधार निरंतर परिश्रम, अनुशासन, नवाचार और सकारात्मक सोच है। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।
समारोह में पदमपत सिंघानिया विश्वविद्यालय की ओर से प्रो. डॉ. सम्राट रे (डीन, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड लिबरल स्टडीज़), डॉ. हरीश तिवारी, डॉ. मनीष तिवारी, मोहित माथुर एवं दिनेश गुर्जर उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल रहा।
आयोजकों ने बताया कि “मेवाड़ गौरव सम्मान” का उद्देश्य क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं को पहचान दिलाना, उनकी उपलब्धियों को समाज के सामने लाना तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया गया।
