मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अशोक पारीक को भावभीनी विदाई

(रमेश चंद्र डाड)

आकोला |स्मार्ट हलचल|महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय बड़लियास में कोटड़ी के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अशोक पारीक के डाइट शाहपुरा में स्थानांतरण होने पर भावभीनी विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि स्वयं अशोक पारीक रहे जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बड़लियास दिलीप सिंह राणावत ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य उदय लाल सोनी एवं संदर्भ व्यक्ति अनिल बांगड़ उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य उदय लाल सोनी ने कहा कि अशोक पारीक ने अपने कार्यकाल में शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन, नवाचार तथा शिक्षक-हितैषी कार्यशैली से पूरे कोटड़ी ब्लॉक में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उनका सरल, सौम्य एवं सहयोगी व्यक्तित्व सदैव शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डाइट शाहपुरा में भी पारीक के अनुभव एवं नेतृत्व का लाभ शिक्षा जगत को मिलेगा।
संस्था प्रधान करणी दान सिंह ने कहा कि अशोक पारीक ने सदैव विद्यालयों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं शिक्षकों के मनोबल को बढ़ाने के लिए सकारात्मक सोच के साथ कार्य किया है। उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से अनेक नवाचारों को गति मिली है। उनका स्थानांतरण शिक्षा विभाग के लिए एक प्रशासनिक प्रक्रिया अवश्य है किन्तु कोटड़ी ब्लॉक के लिए यह एक कुशल, संवेदनशील एवं प्रेरणादायी अधिकारी की विदाई है।
मुख्य अतिथि अशोक पारीक ने अपने संबोधन में कहा कि कोटड़ी ब्लॉक के शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उन्हें सदैव भरपूर सहयोग, स्नेह एवं सम्मान मिला है जिसे वे जीवनभर स्मरण रखेंगे। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने का आह्वान किया तथा बालिकाओं को आगे बढने की प्रेरणा दी।
बड़लियास दिलीप सिंह राणावत ने मुख्य ब्लोॅक शिक्षा अधिकारी के कार्यकाल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि विभाग में टीम भावना, पारदर्शिता एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति को सुदृढ़ करने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
समारोह के दौरान अतिथियों का माल्यार्पण एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर मोहम्मद युनूस जारोली को पदोन्नति पर, जितेन्द्र खटीक को स्थानांतरण पर तथा सेवानिवृत्त मुन्नी कीर को शिक्षा एवं समाज सेवा में उनके उल्लेखनीय योगदान तथा भामाशाह के रूप में विद्यालय के प्रति सहयोग के लिए स्मृति-चिह्न एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। समारोह गरिमामय एवं आत्मीय वातावरण में सम्पन्न हुआ तथा अंत में सभी स्टाफ साथियों नै ने पारीक को भावभीनी विदाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त की। संचालन सचिन अजमेरा ने किया।