जातिगत जनगणना ऐप में ‘लोधा’ जाति का विकल्प जोड़ने की मांग, सावर में सौंपा ज्ञापन

दिलखुश मोटीस

सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल|लोधा समाज विकास समिति सावर ने मंगलवार को राज्य निर्वाचन आयोग के नाम कार्यवाहक सावर उपखंड अधिकारी भगवती प्रसाद वैष्णव को ज्ञापन सौंपकर जातिगत जनगणना सर्वे के लिए उपयोग किए जा रहे डिजिटल ऐप में “लोधा” जाति का अलग से उल्लेख करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि राजस्थान में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा डिजिटल ऐप के माध्यम से जातिगत जनगणना का सर्वे किया जा रहा है। वर्तमान में ऐप में 91 जातियों का विवरण उपलब्ध है, लेकिन “लोधा” जाति का कहीं भी उल्लेख नहीं है। ऐप में केवल “लोधी” का विकल्प दिया गया है।
समिति का कहना है कि “लोधा” जाति राजस्थान सरकार की अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) सूची में शामिल है और इसी आधार पर समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाते हैं। ऐसे में ऐप में “लोधा” का विकल्प नहीं होने से भविष्य में समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र, आरक्षण तथा अन्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि डिजिटल ऐप में शीघ्र संशोधन कर “लोधा” जाति का अलग से उल्लेख किया जाए। समाज ने चेतावनी दी कि जब तक ऐप में “लोधा” नाम नहीं जोड़ा जाता, तब तक समाज के लोग इस सर्वे का विरोध करेंगे। साथ ही कहा कि इससे ओबीसी आयोग के कार्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
इस अवसर पर मेवालाल लोधा, रामधन, रामस्वरूप, वार्ड पंच कैलाश लोधा, मदन लोधा, धर्मराज लोधा, ओमप्रकाश, रामकिशन लोधा सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।