घाड़ में दो किसानों के कुओं पर चोरीः ट्रांसफार्मर, मोटर और केबल चुरा ले गए चोर

 

अविनाश मीणा | घाड़ (देवली), टोंक

स्मार्ट हलचल|घाड़ कस्बे में सोमवार रात चोरों ने दो किसानों के कुओं को निशाना बनाया। चोरों ने कृषि कनेक्शन के ट्रांसफार्मर से कीमती सामान, पानी की मोटरें और केबल चुरा लीं। इस घटना से किसानों में नाराजगी है।किसान राधेश्याम माली ने बताया कि मंगलवार सुबह जब वे अपने कुएं पर पहुँचे तो चोरी का पता चला। उन्होंने सोमवार रात आठ बजे के बाद घर जाने की बात कही। जांच में सामने आया कि चोरों ने खेतों की बाड़ काटकर रास्ता बनाया था।

चोरों ने ट्रांसफार्मरों को नीचे गिराकर उनमें से कॉपर, ऑयल और अन्य कीमती सामान निकाल लिया। इसके साथ ही कुओं के अंदर लगी पानी की मोटरें और केबल भी चुरा ले गए। वारदात के तरीके को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरों की संख्या अधिक थी।

चोरी की इस घटना में किसान रामनिवास रैगर (के.न. 211333001993) और किसान कैलाश कल्याणमल खटीक (के.न. 211333002000) के कुओं को निशाना बनाया गया।

घटना की सूचना तुरंत विद्युत विभाग को दी गई। लाइनमैन लेखराज मीणा मौके पर पहुँचे और उच्च अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि घाड़ पुलिस थाना पास होने के बावजूद, सूचना देने के दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुँची। हेड कांस्टेबल जितेंद्र यादव ने मौका मुआयना किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में थाना होने के बावजूद न तो चोरियां रुक रही हैं और न ही अवैध खनन व परिवहन पर कोई अंकुश लग पा रहा है। आए दिन हो रही इन वारदातों से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।