बंदरों के बढ़ते आतंक से परेशान वार्डवासियों ने नगरपालिका व तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

नीरज मीणा

मंडावर (दौसा)। स्मार्ट हलचल/नगरपालिका मंडावर क्षेत्र में दिनोंदिन बढ़ रहे बंदरों के आतंक से आमजन का जीवन प्रभावित हो गया है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि लोग अपने घरों की छतों पर जाने, बच्चों को बाहर खेलने भेजने और महिलाओं का अकेले घर से निकलना भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। समस्या से परेशान वार्डवासियों ने मंगलवार को नगरपालिका अधिशासी अधिकारी एवं तहसीलदार मंडावर को संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपकर बंदरों को तत्काल पकड़वाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 1, 2, 3, 4, 5 एवं 6 में बंदरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बंदरों के झुंड सुबह से लेकर शाम तक गलियों, मकानों की छतों और सार्वजनिक स्थानों पर उत्पात मचाते रहते हैं। कई बार बंदर राह चलते लोगों पर हमला कर देते हैं, जिससे नागरिकों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि बंदर घरों में घुसकर खाने-पीने का सामान, अनाज, फल, सब्जियां और अन्य घरेलू वस्तुओं को नुकसान पहुंचा रहे हैं। महिलाएं कपड़े सुखाने के लिए छत पर जाने से डर रही हैं, जबकि छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह समस्या और भी गंभीर बन गई है। बंदरों के डर से कई परिवारों का सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि बंदरों के हमलों में कई लोग घायल हो चुके हैं। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे हर समय किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन को चेताया कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों और वार्डवासियों ने मांग की कि नगरपालिका प्रशासन, वन विभाग और संबंधित विभागों के समन्वय से विशेष अभियान चलाकर बंदरों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर आबादी क्षेत्र से बाहर छोड़ा जाए। साथ ही भविष्य में इस समस्या की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान भी किया जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि प्रशासन शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं करता है तो क्षेत्र के नागरिकों को मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्डवासियों एवं स्थानीय नागरिकों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की। नागरिकों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी गंभीर समस्या को प्राथमिकता देते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाएगा, ताकि मंडावर शहर के लोगों को बंदरों के आतंक से राहत मिल सके।