मंडावर क्षेत्र में धड्डले से चल रहे हैं अवैध खनन और भू माफिया का कारोबार

नीरज मीणा

मंडावर। स्मार्ट हलचल/मंडावर क्षेत्र में अवैध खनन और भू-माफिया का कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात यह हैं कि पुलिस और संबंधित विभागों की मौजूदगी के बावजूद बजरी, पत्थर, मोरम और रोड़िया से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियां दिन-रात बेखौफ सड़कों पर दौड़ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यह पूरा अवैध कारोबार पुलिस की नाक के नीचे संचालित हो रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों से होकर गुजरने वाले मार्गों पर भारी मात्रा में खनन सामग्री से लदे वाहन तेज रफ्तार में निकलते हैं। इससे न केवल धूल-मिट्टी का गुबार फैलता है, बल्कि आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। कई बार अवैध खनन में लगे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से हादसे हो चुके हैं, जिनमें राहगीरों को जान तक गंवानी पड़ी है।ग्रामीणों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग और पुलिस प्रशासन गंभीर नहीं दिख रहा। आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत के चलते यह अवैध व्यापार निर्बाध रूप से जारी है। गांवों की संकरी सड़कों पर तेज रफ्तार से गुजरते ओवरलोड वाहन बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए खतरा बने हुए हैं।धूल और शोर-शराबे से आमजन का जीना दूभर हो गया है। किसानों की फसलें भी प्रभावित हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से अवैध खनन पर रोक लगाने, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और क्षेत्र में सख्त निगरानी बढ़ाने की मांग की है।