लाखेरी – स्मार्ट हलचल|जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पुलिस निरीक्षकों एवं उप निरीक्षकों के तबादले और नवीन पदस्थापन के आदेश जारी किए हैं। शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार कुल 13 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार हरिनारायण शर्मा को थानाधिकारी लाखेरी, संदीप बिश्नोई को थानाधिकारी बसोली तथा दीनदयाल को थानाधिकारी इन्द्रगढ़ नियुक्त किया गया है। वहीं सुरजीत सिंह को थानाधिकारी गेण्डोली की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा हेमराज मीणा को अपराध सहायक कार्यालय हाजा, हनुमान सहाय वर्मा को संचित निरीक्षक पुलिस लाइन, भगवान सहाय को प्रभारी मानव तस्करी विरोधी यूनिट, सुभाष चन्द्र को प्रभारी यातायात शाखा, इन्द्र कुमार को चौकी प्रभारी पेच की बावड़ी (थाना हिण्डोली) तथा बहादुर सिंह को लाइन ऑफिसर पुलिस लाइन बूंदी नियुक्त किया गया है।
पुलिस लाइन एवं अन्य शाखाओं में भी कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ पुलिस कार्यप्रणाली में भी गति आएगी।
