सत्यनारायण मंदिर में गौतम समाज की महिलाओं ने मनाया फाग उत्सव, रंग-गुलाल व फूलों से खेली होली

संजय चौरसिया
हरनावदाशाहजी। स्मार्ट हलचल|कस्बे के सत्यनारायण भगवान मंदिर परिसर में गुरुवार को गौतम समाज की महिलाओं द्वारा बड़े ही हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ फाग उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा और चारों ओर भजन-कीर्तन की गूंज सुनाई दी।
इस अवसर पर समाज की युवतियों एवं महिलाओं ने राधा और कृष्ण का स्वरूप धारण कर आकर्षक प्रस्तुति दी, जिससे श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंदिर परिसर में रंग-गुलाल एवं पुष्पों की होली खेलकर फाग उत्सव मनाया गया। महिलाओं ने पारंपरिक फाग गीत गाकर भगवान की आराधना की और क्षेत्र में सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में समाज की बड़ी संख्या में महिलाएं एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन के अंत में प्रसादी का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, उल्लास और सामाजिक एकता का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।