भीलवाड़ा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो एसीबी प्रथम ने बुधवार को अपना स्थापना दिवस अनूठे अंदाज में मनाया। इस अवसर पर कार्यालय में पहुंचे परिवादियों का फूल-माला पहनाकर और मोमेंटो देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में एसीबी डीवाईएसपी श्री पारश मल ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई तभी जीती जा सकती है जब आमजन निर्भय होकर आगे आएं। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता ही एसीबी की असली ताकत हैं।
डीवाईएसपी पारश मल ने विशेष रूप से परिवादी मोइनुद्दीन खान की सराहना की। उन्होंने बताया कि मोइनुद्दीन ने श्रम विभाग के कर्मचारियों द्वारा 4 लाख की एफडी तुड़वाने के एवज में 40 हजार रुपए रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। इसी शिकायत के आधार पर एसीबी टीम ने दिनांक 11.09.2025 को 33 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए श्रम विभाग के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी नरेन्द्र कुमार लखारा एवं प्राइवेट
व्यक्ति अशोक कुमार शर्मा को रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। डीवाईएसपी ने कहा कि एसीबी का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाना भी है। यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगे तो तुरंत शिकायत करें एसीबी हेल्पलाइन: 1064 94133-51500
कार्यक्रम के अंत में समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों को भ्रष्टाचार मुक्त राजस्थान
बनाने का संकल्प दिलाया गया।
