उदयपुर में ‘श्रीअन्न मिलेट क्रांति’ कार्यक्रम 28 फरवरी को

उदयपुर। स्मार्ट हलचल|शहर में स्वस्थ जीवनशैली और पारंपरिक अन्न के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 28 फरवरी 2026 को “श्रीअन्न मिलेट क्रांति – उदयपुर मिलेट कार्यक्रम” का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम ग्रीन पीपल सोसायटी, उदयपुर एवं रोटरी क्लब ऑफ उदई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में मिलेट सिद्ध आचार्य श्री अशोक शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे बीमारियों के अनुरूप आहार प्रोटोकॉल, कंसल्टेंसी एवं काउंसलिंग के माध्यम से मिलेट आधारित संतुलित भोजन के लाभों पर विस्तृत जानकारी देंगे। आयोजन का उद्देश्य आमजन को मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप जैसी जीवनशैली संबंधी बीमारियों में श्रीअन्न (मिलेट्स) की उपयोगिता से अवगत कराना है।
कार्यक्रम 28 फरवरी को प्रातः 11 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक टाउन प्लानर्स इंस्टीट्यूट, सेलिब्रेशन मॉल के पास, उदयपुर में आयोजित होगा। आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर स्वस्थ जीवन की दिशा में सकारात्मक पहल से जुड़ने का आह्वान किया है।
ग्रीन पीपल सोसायटी उदयपुर के अध्यक्ष राहुल भटनागर ने बताया कि मिलेट्स को दैनिक आहार में शामिल कर हम न केवल अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे सकते हैं। उन्होंने इच्छुक नागरिकों से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।