एजाज़ अहमद उस्मानी
स्मार्ट हलचल|मेडतारोड पुलिस थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लगभग 32 लाख रुपये कीमत की 160 ग्राम स्मैक जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सत्यनारायण चौधरी थानाधिकारी पुलिस थाना मेडतारोड ने मय टीम श्री विजयसिंह नि.पु., प्रभारी जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) नागौर से प्राप्त सूचना पर कस्बा मेडतारोड में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बबलु मेघवाल पुत्र धन्नालाल, जाति मेघवाल, उम्र 35 वर्ष, निवासी तुरकाडिया, थाना अंकलेरा, जिला झालावाड़ को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद की गई। जब्त की गई स्मैक की अनुमानित बाजार कीमत करीब 32 लाख रुपये आंकी गई है। इस संबंध में पुलिस थाना मेडतारोड में प्रकरण एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण का अनुसंधान श्री मानवेन्द्र सिंह नि.पु., थानाधिकारी पुलिस थाना भांवडा द्वारा प्रारंभ कर दिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थ की सप्लाई और नेटवर्क के संबंध में गहन जांच कर रही है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है, ताकि क्षेत्र को नशा मुक्त बनाया जा सके।
