चाकू से हमला कर पिता की हत्या करने वाला पुत्र गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद
लखीमपुर खीरी।स्मार्ट हलचल|रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए अपने ही पिता की चाकू मारकर हत्या करने के आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर के मार्गदर्शन तथा प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में कोतवाली सदर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या के मुकदमे में वांछित आकाश अवस्थी पुत्र राजीव कुमार अवस्थी, निवासी मोहल्ला हाथीपुर उत्तरी, थाना कोतवाली सदर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी को ग्राम विशनूपुर जाने वाले मार्ग के मोड़ पर स्थित गौटिहा बाबा के चबूतरे के पास नीम के पेड़ के नीचे से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल चाकू भी बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक 13 जुलाई 2026 को आरोपी आकाश अवस्थी ने अपने पिता राजीव कुमार अवस्थी पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
इस गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक तेज सिंह, उपनिरीक्षक अम्बेश्वर त्रिपाठी, आरक्षी विपिन पुनिया तथा आरक्षी जागेन्द्र सिंह की टीम शामिल रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में गंभीर अपराधों के आरोपियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
