खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र में अनियंत्रित ई-रिक्शा संचालन और अव्यवस्थित पार्किंग आम लोगों के साथ-साथ पुलिस व्यवस्था के लिए भी चुनौती बनती जा रही है। रक्षपालपुर चौराहे पर आमजन की सुविधा के लिए बनाए गए पुलिस सहायता केंद्र के चारों ओर दिनभर ई-रिक्शों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे न केवल सहायता केंद्र तक पहुंचने में लोगों को दिक्कत होती है, बल्कि मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित होता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह से शाम तक ई-रिक्शा चालक पुलिस सहायता केंद्र के आसपास अपने वाहन खड़े कर देते हैं। नतीजतन राहगीरों और यात्रियों को सड़क किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार करना पड़ता है। बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो गई है, जबकि मुख्य मार्ग पर दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
लोगों का कहना है कि पुलिस सहायता केंद्र पर नियमित रूप से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रहती है, इसके बावजूद केंद्र के आसपास अवैध पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। यही स्थिति खखरेरू कस्बे के मुख्य मार्ग पर भी देखने को मिलती है, जहां सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े ई-रिक्शों के कारण आवागमन प्रभावित होता है और राहगीरों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कुछ नाबालिग भी ई-रिक्शा चलाते देखे जाते हैं, जिससे सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने पुलिस और परिवहन विभाग से संयुक्त अभियान चलाकर अवैध पार्किंग हटाने, पुलिस सहायता केंद्र को अतिक्रमण से मुक्त कराने तथा नाबालिग चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि पुलिस सहायता केंद्र और सार्वजनिक स्थलों के आसपास अवैध रूप से ई-रिक्शा खड़ा करने वाले चालकों के विरुद्ध अभियान चलाकर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
