निजी स्कूलों ने 11 दिन में समाधान न होने पर जयपुर में मुख्यमंत्री कार्यालय के घेराव की दी चेतावनी
अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|शिक्षा विभाग और राज्य सरकार की कथित ‘अव्यावहारिक व दमनकारी’ नीतियों के विरोध में बुधवार को ‘स्कूल बचाओ संघर्ष समिति, राजस्थान’ के आह्वान पर ब्यावर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में निजी शिक्षण संस्थान पूर्णतः बंद रहे। आंदोलन के तहत क्षेत्र के सैकड़ों स्कूल संचालक, संस्था प्रधान और स्टाफ सदस्य सड़कों पर उतरे और रैली निकालकर जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। संघर्ष समिति ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि 11 दिनों के भीतर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो प्रदेशभर के स्कूल संचालक जयपुर कूच कर मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) का घेराव करेंगे।
गांधी सर्किल पर सभा, सरकार के सौतेले व्यवहार पर बरसे वक्ता
बुधवार सुबह चांग गेट स्थित गांधी सर्किल पर निजी स्कूल संचालकों और स्टाफ की एक विशाल आमसभा आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए संघर्ष समिति के संयोजक भरत भाटी और अध्यक्ष जितेंद्र अरोड़ा ने कहा कि राज्य सरकार निजी स्कूलों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। आरटीई (RTE) के तहत गरीब बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने वाले निजी विद्यालयों को पिछले लंबे समय से भुगतान (पुनर्भरण राशि) नहीं किया गया है, जबकि नए सत्र में फिर से प्रवेश थोप दिए गए हैं।
‘शाला संबलन ऐप’ और लगातार निरीक्षणों से नाराजगी
समिति के प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौड़ और सचिव ओमाराम राणवा ने कहा कि मान्यता देते समय सभी नियमों की बारीकी से जांच की जाती है, इसके बावजूद पूरे सत्र अलग-अलग तरह की जांचें थोपकर स्कूल संचालकों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। विशेष रूप से ‘शाला संबलन ऐप’ के माध्यम से प्रस्तावित नई निरीक्षण व्यवस्था पूरी तरह अव्यावहारिक है, जिसे तुरंत रद्द किया जाना चाहिए।
वक्ताओं ने इस बात पर भी रोष जताया कि परीक्षा परिणामों में निजी स्कूलों के छात्र अव्वल रहते हैं, लेकिन सरकार अपनी जनकल्याणकारी योजनाएं और सुविधाएं केवल सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों तक सीमित रखकर निजी स्कूलों के बच्चों के साथ अन्याय कर रही है।
कलेक्ट्रेट तक निकाली विशाल रैली, सौंपा ज्ञापन
सभा के बाद गांधी सर्किल से एक आक्रोश रैली रवाना हुई। यह रैली पाली बाजार, लोहारान चौपड़, पंचबत्ती, महादेवजी की छतरी और अजमेरी गेट होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंची। कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
ये रहे उपस्थित:
इस दौरान कोषाध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष अजमत काठात, दिलीप सिंह चौहान, मनीष सांखला, संजय गहलोत, नरेंद्र सिंह, फतेह सिंह, हरसुखलाल, गणपत सिंह, राजेंद्र शर्मा सहित जैतारण से हरिओम शर्मा, रायपुर से राजेश सिंह सांखला, मसूदा से ईश्वर लाल गुर्जर एवं ब्यावर, जवाजा, रायपुर तथा जैतारण क्षेत्र के सैकड़ों निजी स्कूल संचालक और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
