अनिल कुमार
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा, राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह एवं राजस्थान प्रभारी दीप्ति सिंह के निर्देशन में बुधवार को भीलवाड़ा जिला मुख्यालय पर महिला कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सुशीला ने की, वहीं प्रदेश सचिव एवं भीलवाड़ा जिला सह-प्रभारी सुलक्षणा शर्मा एडवोकेट विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
बूथ स्तर तक मजबूत होगा संगठन, खाली पद जल्द भरे जाएंगे
बैठक को संबोधित करते हुए जिला सह-प्रभारी सुलक्षणा शर्मा एडवोकेट ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। भीलवाड़ा में बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत व सक्रिय बनाया जाएगा। संगठन विस्तार के तहत जल्द ही रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी और अधिक से अधिक नई महिलाओं को कांग्रेस की रीति-नीति से जोड़कर संगठन को गति दी जाएगी।
“महिला आरक्षण लागू करो” अभियान के तहत लिखे पोस्टकार्ड
बैठक के दौरान “महिला आरक्षण लागू करो – आज करो, अभी करो” अभियान के तहत पोस्टकार्ड एवं हस्ताक्षर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस मौके पर उपस्थित महिलाओं ने देश के प्रधानमंत्री के नाम पोस्टकार्ड लिखकर महिला आरक्षण को बिना किसी देरी के तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग उठाई।
21 जुलाई को ‘संसद घेराव’ के लिए भीलवाड़ा से कूच करेंगी महिलाएं
आगामी 21 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले “चलो दिल्ली – संसद घेराव” आंदोलन को सफल बनाने के लिए बैठक में विस्तृत रणनीति तैयार की गई। सुलक्षणा शर्मा ने बताया कि भीलवाड़ा जिले के प्रत्येक ब्लॉक और बूथ स्तर से महिलाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर दिल्ली कूच करने का संकल्प लिया।
