11 सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं का शक्ति प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन, सरकार को सद्बुद्धि देने के लिए गाई रामधुन
अलकेश पारीक
जहाजपुर, 16 जुलाई।
स्मार्ट हलचल|अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने गुरुवार को जहाजपुर में जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। बालाजी मंदिर परिसर से सैकड़ों महिलाओं ने विशाल जुलूस निकाला, जो शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचा। पूरे रास्ते आंदोलनकारी महिलाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जुलूस के दौरान “तख्त बदल दो, ताज बदल दो, इस देश का राज बदल दो”, “हमारी मांगे पूरी करो” और “आंगनबाड़ी का सम्मान दो” जैसे गगनभेदी नारों से शहर गूंज उठा। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए महिलाएं अपनी मांगों के समर्थन में एकजुट नजर आईं।
उपखंड कार्यालय पहुंचकर आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद महिलाओं ने सरकार को सद्बुद्धि देने की कामना करते हुए परिसर में बैठकर “रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम…” रामधुन का सामूहिक गायन किया। आंदोलनकारियों का कहना था कि सरकार उनकी वर्षों पुरानी मांगों पर संवेदनशीलता से विचार करे और शीघ्र समाधान निकाले।
महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी 11 सूत्रीय मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन और अधिक उग्र किया जाएगा। उनका कहना था कि यह आंदोलन केवल मानदेय बढ़ाने का नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा, नियमितीकरण और अधिकारों की लड़ाई है।
कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर तालाबंदी और अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। आंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।
