हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसुरी )राजकीय जनरल कॉलेज हमीरगढ़ में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने हमीरगढ़ बस स्टैंड से नगर पालिका कार्यालय तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला। इसके बाद छात्रों ने नगरपालिका प्रशासक एवं उपखंड अधिकारी झंवर लाल मित्तल तथा अधिशासी अधिकारी भानु प्रताप सिंह को तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।एबीवीपी जिला संयोजक भावेश छिपा ने बताया की विद्यार्थियों के लिए कॉलेज तक मुख्य मार्ग से पक्की सड़क निर्माण, कॉलेज के सामने बने कचरा डंपिंग यार्ड को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने तथा कॉलेज में पेयजल, बिजली, पंखे एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। छात्रों का कहना था कि करीब चार करोड़ रुपये की लागत से भवन बनने के बावजूद आज भी विद्यार्थियों को फर्श पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। चारदीवारी नहीं होने से परिसर में मवेशियों का जमावड़ा रहता है और गंदगी के कारण पढ़ाई का माहौल प्रभावित हो रहा है। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। प्रशासन ने छात्रों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
