होली, धुलंडी व ईदुलफितर को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित

शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल|आगामी होली, धुलंडी, चेटीचंड, ईदुलफितर, रामनवमी और महावीर जयंती जैसे प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शांति एवं सद्भावना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामरतन सौकरियां ने की।
एडीएम रामरतन सौकरियां ने कहा कि टोंक जिला गंगा-जमुना तहजीब के लिए प्रदेशभर में पहचान रखता है। सभी नागरिकों का दायित्व है कि वे त्योहारों को आपसी भाईचारे, प्रेम और उत्साह के साथ मनाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचे। त्योहार मेल-मिलाप और सामाजिक एकता का संदेश देते हैं, इन्हें शांति और अनुशासन के साथ मनाया जाना चाहिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल प्रसाद ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि धार्मिक, जातीय या वैमनस्य फैलाने वाली पोस्ट शेयर करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और तुरंत पुलिस को सूचित करें। असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
*समिति सदस्यों ने रखे सुझाव*
बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से आए सदस्यों ने व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव दिए —
* मालपुरा से आए रमाकांत पाठक ने सम्राट की सवारी के रूट चार्ट पर झूलते विद्युत तारों एवं सड़कों के गड्ढों को दुरुस्त कराने की मांग की।
* सुभाष मिश्रा ने नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा होलिका दहन के बाद राख की समय पर सफाई कराने की बात कही। साथ ही मोटरसाइकिलों में तेज आवाज वाले साइलेंसर पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई।
* झिराना के मोहम्मद शकील ने मेडिकल एम्बुलेंस की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
* खलीलाबाद के रामकल्याण जाट ने धुलंडी के दिन पेयजल आपूर्ति बढ़ाने का सुझाव दिया।
* पूर्व पार्षद महबूब अहमद ने त्योहारों के दौरान आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
एडीएम सौकरियां ने सभी सुझावों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए और कहा कि त्योहारों के दौरान शालीनता एवं संयम बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इस मौके पर बैठक में एसडीओ टोंक हुक्मीचंद रोहलानिया, विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता प्रहलाद करनाल, आरसीएचओ डॉ. गोपाल जांगिड, जलदाय विभाग के अधिशाषी अभियंता कालूराम मीना, नगर परिषद सचिव अमरचंद गुर्जर, आबकारी अधिकारी बाबूलाल जाट सहित समिति के सदस्य अब्दुल गफ्फार, गौपाल बैरवा, शंकर गुर्जर, तेजमल कुमावत, अब्दुल हमीद, राजेश बैरवा, सत्यनारायण विजय, पुरुषोत्तम सैनी, मोहम्मद उमर खान, आरजे खींची, आरएल दीपक, रामवतार शर्मा एवं हंसराज बैरवा उपस्थित रहे। वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएंगे, ताकि सभी त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।