सूरौठ। स्मार्ट हलचल|थाना क्षेत्र के गांव कोटवास में बीती रात्रि को चोरों ने एक ही रात में तीन घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर तीन घरों से चार लाख पन्द्रह हजार रुपए की नकदी एवं लाखों रुपए के सोने चांदी के जेवरातों को चुरा ले गए। चोरों ने कोटवास निवासी हिम्मत सिंह जाटव, राजेश जाटव एवं दिनेश कश्यप के घरों को निशाना बनाया। चोरी की वारदातों का पता गुरुवार को तड़के परिजनों के जाग होने पर लगा। चोरी की सूचना मिलने पर गुरुवार को सुबह जगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची तथा चोरी की वारदातों का मुआयना किया। पीड़ित परिवारों की महिलाओं ने सूरौठ थाने में पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
कोटवास निवासी सुनीता पत्नी हिम्मत सिंह जाटव ने रिपोर्ट में पुलिस को बताया है कि चोरों ने रात करीब 2 बजे घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में रखे सोने का मंगलसूत्र, तीन जोड़ी चांदी की तोड़िया, सोने की कंठी, चांदी की चुटकी और 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
इसी तरह, राजो पत्नी राजेश जाटव ने रिपोर्ट में पुलिस को बताया कि जब परिजन सो रहे थे तो रात 2 बजे करीब चोर घर में घुस गए। चोरों ने बक्से का ताला तोड़कर तीन जोड़ी सोने के टीका, तीन जोड़ी सोने के मंगलसूत्र, तीन जोड़ी पायजेब, करधनी, तोड़िया, तीन सोने की अंगूठियां, चांदी का हाथ का कड़ा और 5 हजार रुपये नकदी को चुरा ले गए। इसी प्रकार लक्ष्मी पत्नी दिनेश कश्यप ने रिपोर्ट में बताया है कि वह अपने पति के साथ छप्पर पोस में सो रही थी। बीती रात्रि को चोर उनके पटोल पोस घर में घुस गए तथा घर में से 4 लाख रुपये नकद, एक जोड़ी करधनी, एक जोड़ी पायजेब, एक सोने का पेंडल, एक सोने का ताबीज, दो जोड़ी तोड़िया, चार जोड़ी चुटकी और दो जोड़ी साठ व मंगलसूत्र को चुरा ले गए।
पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। चोरी के मुकदमे की जांच सहायक उप-निरीक्षक हरिराम को सौंपी गई हैं। इस संबंध में कोटवास सरपंच लोकेश कुमार ने पुलिस अधिकारियों से एक ही रात में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा करवाने की मांग की है।
