विकसित भारत यूथ कनेक्ट कार्यक्रम-2026 में युवाओं ने लिया नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प

जयपुर, 17 जुलाई। स्मार्ट हलचल|भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में एस.एस. जैन सुबोध स्नातकोत्तर महाविद्यालय (स्वायत्तशासी), जयपुर में “विकसित भारत यूथ कनेक्ट कार्यक्रम-2026 (नशा मुक्त युवा)” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 32 महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के लगभग 450 युवा, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी, स्वयंसेवक, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता तथा यूथ एम्बेसेडर्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जयपुर शहर की सांसद श्रीमती मंजू शर्मा ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त, जागरूक एवं संस्कारित युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकते हैं।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रेणु जोशी ने कहा कि महाविद्यालय के लिए इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की मेजबानी करना गौरव का विषय है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से स्वयं दूर रहने तथा समाज में जनजागरूकता फैलाकर स्वस्थ, जिम्मेदार एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक बनने का आह्वान किया।
क्षेत्रीय निदेशक, राष्ट्रीय सेवा योजना, राजस्थान, श्री एस.पी. भटनागर ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत 2047 के विजन से जोड़ना, उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना तथा नशा मुक्त भारत अभियान का सक्रिय सहभागी बनाना है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति के सकारात्मक योगदान से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा।

राज्य समन्वयक, राष्ट्रीय सेवा योजना, कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय, राजस्थान, डॉ. के.के. कुमावत ने राज्य के 354 महाविद्यालयों में संचालित राज्यव्यापी “नई किरण” नशा मुक्ति अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि यह अभियान युवाओं को नशे से दूर रखने एवं स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रहा है।
यूथ आइकॉन श्री अंकित शर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान का परिवर्तनकर्ता है। उन्होंने कहा कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के “युवा कनेक्ट” कार्यक्रम के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “नशा मुक्त भारत” अभियान को जनआंदोलन बनाना प्रत्येक युवा का दायित्व है। उन्होंने कहा कि जागरूक, स्वस्थ एवं नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत 2047 का आधार बनेगा तथा प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए “पाँच प्रण” एवं “11 संकल्प” को जीवन में अपनाकर प्रत्येक युवा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त भारत एवं विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की शपथ ली। साथ ही राष्ट्र निर्माण, युवा नेतृत्व, सामाजिक सहभागिता एवं जनजागरूकता जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के उपप्राचार्य डॉ. विकास बैराठी, डीन अकादमिक डॉ. राजेश यादव, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनंत विजया सोनी, डॉ. विशाल गौतम, डॉ. मुकेश शर्मा, डॉ. राकेश धाभाई, डॉ. फरहा दिबा, डॉ. अनु मल्होत्रा, डॉ. नीतू शर्मा, डॉ. सुमन यादव सहित लगभग 35 शैक्षणिक संस्थानों के कार्यक्रम अधिकारी एवं व्याख्याता उपस्थित रहे।