ग्रामीण आधारभूत संरचना, आजीविका एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश
जनहित एवं विकासोन्मुखी कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जाये- अतिरिक्त महानिदेशक ग्रामीण विकास विभाग
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल, 17 जुलाई विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी-जी रामजी) योजना के अंतर्गत भारत सरकार के केंद्रीय दल के जिले के दौरे के दौरान शुक्रवार को ग्रामीण विकास विभाग भारत सरकार के अतिरिक्त महानिदेशक एमके उज्जैनिया की अध्यक्षता में क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण आधारभूत संरचना, आजीविका संवर्धन तथा डिजास्टर मैनेजमेंट से संबंधित संभावित विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा जिले में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने बताया कि जिले के सभी 14 विकास खंडों में विभिन्न विभागों के कुल 831 विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि मनरेगा के अंतर्गत श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने में भीलवाड़ा प्रदेश में तीसरे स्थान पर है तथा वर्तमान में 55 हजार से अधिक श्रमिक विभिन्न विकास कार्यों में नियोजित हैं।
अतिरिक्त महानिदेशक उज्जैनिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में कृषि, सड़क, चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास, वन विभाग, शिक्षा तथा खेल विभाग से संबंधित संभावित विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।
उन्होंने जिले में विकसित किए गए मॉडल तालाब एवं कैटल शेड की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहित एवं विकासोन्मुखी कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जाए।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से आगामी कार्ययोजना की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि बीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत जिले का कोई भी गांव विकास कार्यों से वंचित न रहे तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्राथमिकता वाले कार्यों का चयन कर समयबद्ध रूप से क्रियान्वित किया जाए।
बैठक में केंद्रीय दल के सदस्य डिप्टी सेक्रेटरी प्रभात कुमार, अंडर सेक्रेटरी घनश्याम मीणा व जिला परिषद के एसीईओ मधुसूदन रत्नू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे तथा योजना के प्रभावी संचालन एवं ग्रामीण विकास को गति देने के लिए आवश्यक सुझाव साझा किए गए।
