NEET UG में सफलता का जश्न: डॉ. कौशल वर्मा ने कर्तव्य और अंदेश का किया भव्य सम्मान, कहा— प्रतिभाओं का सम्मान ही समाज की सबसे बड़ी पूंजी

फूल-मालाओं और मिठाई खिलाकर किया स्वागत, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं; अन्य सफल छात्रों को भी जल्द सम्मानित करने का ऐलान

 

गोला गोकर्णनाथ खीरी। स्मार्ट हलचल|नीट यूजी परीक्षा में सफलता हासिल कर डॉक्टर बनने की दिशा में पहला बड़ा कदम रखने वाले दो होनहार छात्रों कर्तव्य मोहन पटेल और अंदेश मोहन मिश्रा का नगर के सनशाइन हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर ग्रुप के संचालक एवं भाजपा नेता डॉ. कौशल वर्मा ने भव्य सम्मान किया। इस अवसर पर दोनों छात्रों को फूल-मालाएं पहनाकर, मिठाई खिलाकर उनका अभिनंदन किया गया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
मूल रूप से ग्राम बैदाखेड़ा निवासी तथा गोला के पटेल चौराहा स्थित अस्पताल संचालक डॉ. एस.पी. वर्मा के पुत्र कर्तव्य मोहन पटेल और ग्राम घरथनिया निवासी ललित मोहन मिश्रा के पुत्र अंदेश मोहन मिश्रा ने नीट यूजी परीक्षा उत्तीर्ण कर मेडिकल क्षेत्र में अपने सपनों को नई उड़ान दी है।
सम्मान समारोह के दौरान दोनों सफल छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार और शिक्षकों को देते हुए उनके मार्गदर्शन और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर डॉ. कौशल वर्मा ने कहा कि प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का सम्मान करना केवल उनका उत्साहवर्धन नहीं, बल्कि समाज के अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देना है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
डॉ. कौशल वर्मा ने यह भी घोषणा की कि नगर के अन्य छात्रों, जिन्होंने नीट यूजी परीक्षा में सफलता प्राप्त की है, उनका भी शीघ्र सम्मान किया जाएगा।

इस अवसर पर पटेल संस्थान गोला के पूर्व अध्यक्ष पारस वर्मा, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ज्ञानचंद वर्मा व अनुज प्रताप सिंह, शिक्षक अशोक वर्मा, अखिलेश वर्मा, विक्रम वर्मा, सत्यानंद स्नेही, डॉ. एस.पी. वर्मा, राम प्रकाश वर्मा, अविनाश गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।