मानसरोवर के वरुण पथ जैन मंदिर में होगा 1 मार्च को “सम्मेद शिखर विधान” भव्य आयोजन, 2 को 108 पुरुष-बालकों द्वारा आहार का ऐतिहासिक आयोजन

जयपुर। स्मार्ट हलचल|एशिया की सबसे बड़ी कॉलोनियों में शुमार मानसरोवर के सबसे प्राचीन एवं विशाल दिगंबर जैन मंदिर, वरुण पथ के प्रांगण पर रविवार 01 मार्च प्रातः 8.30 बजे से आर्यिका अर्हंश्री माताजी ससंघ के पावन सानिध्य में सिद्धों की आराधना के शाश्वत तीर्थराज श्री सम्मेद शिखर की भावना को समर्पित एक भव्य धार्मिक आयोजन होगा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु ना केवल शामिल होंगे अपितु सम्मेद शिखर विधान पूजन पर भावनीय अर्घ समर्पित कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करेंगे। साजों – बाजों के साथ आयोजित भव्य विधान पूजन में श्रद्धालुगण जल, चंदन, अक्षत, पुष्प, नैवेद्य, दीप, घुप, फल, अर्घ इत्यादि के साथ सामूहिक जिनेन्द्र वंदना करेंगे। विधान पूजन के दौरान पुरुष वर्ष केसरिया धोती दुपट्टों एवं महिलाएं गुलाबी/पीली साड़ी परिधान में शामिल होंगे।

मंदिर समिति सदस्य अभिषेक जैन बिट्टू ने बताया कि रविवार को आयोजित विधान पूजन में बड़ी संख्या नवयुगल दंपति सहित समाजसेवी एवं बड़े – बुजुर्गों सहित युवा सम्मिलित होगे। विधान पूजन के दौरान आर्यिका अर्हश्री माताजी के मंगल आशीर्वचन होंगे एवं युवाओं को पूजन के महत्व बताते जायेंगे। सोमवार 2 मार्च को एक विशेष एवं दुर्लभ अवसर में सम्पूर्ण आर्यिका संघ को प्रातः 9.30 बजे से आहार कराने का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 7 वर्ष से अधिक उम्र के बालकों सहित 108 पुरुष इस आयोजन में सहभागिता निभाएंगे और आयोजन भव्य और ऐतिहासिक रूप देंगे।

आयोजन से जुड़े सूचित जैन, नरेश शाह, अनिल जैन, राजकुमार काला सहित विभिन्न पदाधिकारियों ने समस्त समाजजनों से अपील करते हुए बड़ी संख्या में आयोजन में सम्मिलित होने का आह्वान किया है। इस पुण्य अवसर पर अध्यक्ष जेके जैन और मंत्री ज्ञानचंद बिलाला ने भी समाजबंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता निभाने का आह्वान किया है।