विशेष लोक अदालत में 13 बेंचों ने कराया समझौता, लंबित मामलों के त्वरित समाधान की पहल सफल
भीलवाड़ा, स्मार्ट हलचल। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार एनआई एक्ट (धारा 138) से संबंधित लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए शनिवार को आयोजित विशेष लोक अदालत में 215 प्रकरणों का आपसी राजीनामे के आधार पर सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया। इन मामलों में कुल 5 करोड़ 49 लाख 84 हजार 677 रुपये की अवार्ड राशि पारित की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रश्मि आर्य ने बताया कि जिला एवं सेशन न्यायाधीश अभय जैन के निर्देशन, मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन से विशेष लोक अदालत का सफल आयोजन हुआ। जिलेभर में गठित 13 विशेष बेंचों के माध्यम से न्यायिक अधिकारियों एवं अनुभवी अधिवक्ताओं ने पक्षकारों के बीच समझाइश कराकर आपसी सहमति से मामलों का अंतिम निस्तारण कराया।
भीलवाड़ा मुख्यालय पर गठित बेंचों की अध्यक्षता सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारी सी.पी. नाहर, जिला एवं सेशन न्यायाधीश संख्या-3 पवन कुमार काला तथा विशिष्ट न्यायाधीश (अजा/जजा अत्याचार निवारण प्रकरण) निलेश सिंह चौधरी ने की। बेंचों में अधिवक्ता शांतिलाल जैन, सुनील पारीक एवं मोहम्मद अली कायमखानी ने सदस्य के रूप में सहयोग प्रदान किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि विशेष लोक अदालत का उद्देश्य एनआई एक्ट के लंबित मामलों का आपसी समझौते के माध्यम से त्वरित, सरल एवं प्रभावी निस्तारण कर पक्षकारों का समय, धन और न्यायिक प्रक्रिया का बोझ कम करना है।
