पंकज पोरवाल
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|जिले के वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के सहयोग से सामाजिक अधिकारिता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण एवं चिकित्सकीय परीक्षण कर उन्हें आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। जिला मुख्यालय पर पहला शिविर 20 जुलाई को नगर निगम परिसर में आयोजित होगा। इसके बाद 21 जुलाई को पंचायत समिति कोटड़ी, 22 जुलाई को मांडल, 23 जुलाई को आसींद, 24 जुलाई को रायपुर तथा 25 जुलाई को नगर पालिका हमीरगढ़ में पंजीकरण एवं परीक्षण शिविर लगाए जाएंगे। शिविर में 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठ नागरिक आवेदन कर सकेंगे, जिनकी मासिक आय 15 हजार रुपये या उससे कम है। पात्रता के लिए आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र अथवा बीपीएल राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन संबंधी दस्तावेज तथा पासपोर्ट आकार का फोटो साथ लाना होगा। चयनित लाभार्थियों को व्हीलचेयर, वॉकर, छड़ी, श्रवण यंत्र, चश्मे सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक पात्र वरिष्ठ नागरिकों से शिविर में पहुंचकर पंजीकरण कराने की अपील की है।
