मुक्तिधाम को हराभरा बनाने की अनूठी पहल, 101 पौधे रोपकर संरक्षण का लिया संकल्प

बन्शीलाल धाकड़ राजपुरा

छोटी सादड़ी। स्मार्ट हलचल|पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में छोटी सादड़ी उपखंड के ग्राम मलावदा में प्रेरणादायी पहल देखने को मिली। मुक्तिधाम परिसर में अध्यापिका श्रीमती दुर्गा पुरोहित एवं पारीक समाज के जिला अध्यक्ष तथा समाजसेवी रमेश पारीक के नेतृत्व में संचालित “पर्यावरण बचाओ अभियान” के तहत 101 विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान सभी ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती दुर्गा पुरोहित ने कहा कि पर्यावरण और मानव जीवन का संबंध अटूट है। केवल सरकारी प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण संभव नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित भविष्य देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।समाजसेवी रमेश पारीक ने कहा कि वृक्ष हमें प्राणवायु, शुद्ध वातावरण और प्राकृतिक संतुलन प्रदान करते हैं। यदि धरती पर वृक्षों का अस्तित्व बना रहेगा, तभी मानव जीवन भी सुरक्षित रहेगा। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ- साथ उनकी देखभाल करने का भी आह्वान किया। रमेश पारीक ने बताया कि उनका पर्यावरण संरक्षण अभियान पिछले दो वर्षों से लगातार जारी है। अभियान के तहत पिछले वर्ष 350 से अधिक पौधों का रोपण किया गया था, जिनकी नियमित देखभाल भी की जा रही है। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष मुक्तिधाम परिसर में 101 पौधे लगाए गए हैं। उनका उद्देश्य अधिक से अधिक हरित क्षेत्र विकसित कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन- जागरूकता बढ़ाना है। वृक्षारोपण कार्यक्रम में पारीक परिवार के लालाराम, विष्णुप्रसाद, आस्था, अनिल, अजय, विजय, इंद्रा, मीना, प्रिया, सुरभी, आरवी,ओजस्व, अव्यान, अनाया, राघव सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अभियान को सफल बनाया।