नीरज मीणा
मंडावर। स्मार्ट हलचल/राज्य सरकार के कृषि (समूह-1) विभाग ने पंचायत समिति स्तर पर कृषि सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण प्रशासनिक आदेश जारी किए हैं। शासन उप सचिव नवरत्न कोली द्वारा जारी आदेश के अनुसार दौसा जिले की पंचायत समिति मंडावर के ग्राम पंचायत उकरूंद में सहायक कृषि अधिकारी के पद एवं मुख्यालय का सृजन किया गया है।
आदेश के अनुसार पूर्व में 6 फरवरी 2026 को अनुसूचित क्षेत्र में सहायक कृषि अधिकारी के 6 नए पद एवं मुख्यालय स्वीकृत किए गए थे। अब उस आदेश में संशोधन करते हुए करौली जिले की पंचायत समिति करौली में प्रस्तावित सहायक कृषि अधिकारी का मुख्यालय निरस्त कर दिया गया है। इसके स्थान पर दौसा जिले की पंचायत समिति मंडावर के अंतर्गत ग्राम पंचायत उकरूंद में सहायक कृषि अधिकारी का नया पद एवं मुख्यालय स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
कृषि विभाग के इस निर्णय से महवा क्षेत्र, विशेषकर उकरूंद एवं आसपास के किसानों को कृषि योजनाओं, तकनीकी मार्गदर्शन, फसल संरक्षण, उन्नत कृषि तकनीकों तथा सरकारी योजनाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर अधिक सुगमता से मिल सकेगा। किसानों को अब छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए दूरस्थ कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह निर्णय क्षेत्र में कृषि विस्तार सेवाओं को मजबूत करने तथा किसानों तक योजनाओं का समयबद्ध लाभ पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आदेश वित्त (व्यय-1) विभाग की सहमति के बाद जारी किया गया है।
स्थानीय किसानों एवं जनप्रतिनिधियों ने राज्य सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र की कृषि व्यवस्था को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया है। उकरूंद में सहायक कृषि अधिकारी का मुख्यालय बनने से महवा पंचायत समिति के किसानों को बेहतर तकनीकी सहायता, योजनाओं की निगरानी तथा कृषि विभाग की सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
