पडेर कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास महीनों से लीकेज पाइपलाइन, राहगीरों और विद्यार्थियों को हो रही परेशानी
अलकेश पारीक
जहाजपुर।स्मार्ट हलचल|जहाजपुर उपखंड के पडेर कस्बे में जलदाय विभाग की लापरवाही के चलते पेयजल की भारी बर्बादी हो रही है। कस्बे में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास मुख्य पेयजल पाइपलाइन लंबे समय से लीकेज है, जिससे पानी की सप्लाई के दौरान प्रतिदिन हजारों लीटर पानी सड़क पर बहकर व्यर्थ हो रहा है। एक ओर सरकार जल संरक्षण और हर बूंद बचाने का संदेश दे रही है, वहीं दूसरी ओर विभागीय उदासीनता के कारण बहुमूल्य पेयजल यूं ही बर्बाद हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन लीकेज की शिकायत कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक मरम्मत के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पानी सड़क पर फैलने से विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं, राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों को समस्या की पूरी जानकारी होने के बावजूद इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। यदि समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत कर दी जाए तो हजारों लीटर पेयजल की बर्बादी रोकी जा सकती है और आमजन को भी राहत मिल सकती है।
ग्रामीणों ने जलदाय विभाग से मांग की है कि समस्या का तत्काल समाधान कर लीकेज पाइपलाइन की मरम्मत कराई जाए, ताकि पेयजल की बर्बादी पर रोक लग सके और लोगों को हो रही परेशानी से निजात मिले।
