MEAM सीज़न-3 क्विज़ में अशफ़ाक़ उल्लाह खान टीम बनी विजेता, ज्ञान के साथ आत्मविश्वास का भी मिला संदेश

यंग सिटीजन ऑफ इंडिया क्विज़: कांटे की टक्कर के बाद अशफ़ाक़ उल्लाह खान टीम प्रथम, सारा इस्माईल बोलीं— शिक्षा के साथ शिक्षित बनना भी ज़रूरी

अजय सिंह (चिंटू)

जयपुर -स्मार्ट हलचल|MEAM (मुस्लिम एजुकेशनल एंड अवेयरनेस मिशन) के यंग सिटीजन ऑफ इंडिया अभियान के तहत आयोजित सीज़न-3 इंट्रा स्कूल क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन जालूपुरा स्थित मेरी करियर पब्लिक स्कूल में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, तार्किक सोच, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करना रहा।
प्रतियोगिता में मोहम्मद अली जौहर, सुरैया बी, अशफ़ाक़ उल्लाह खान, फातिमा शेख और अल्लामा इकबाल के नाम से बनी पांच टीमों ने हिस्सा लिया। सभी टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। दो बार टाई-ब्रेक की स्थिति बनने के बाद अशफ़ाक़ उल्लाह खान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। सुरैया बी टीम द्वितीय और अल्लामा इकबाल टीम तृतीय स्थान पर रही। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह और जोश के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया।
कार्यक्रम में MEAM की महासचिव सारा इस्माईल ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण सीखने का जज़्बा, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की इच्छा होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों के मन से डर, झिझक और हिचकिचाहट को दूर कर उन्हें खुलकर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना ही इस मंच का उद्देश्य है।
सारा इस्माईल ने कहा कि “आज लगभग हर बच्चा शिक्षा प्राप्त कर रहा है, लेकिन केवल पढ़ाई ही पर्याप्त नहीं है। शिक्षा के साथ संस्कार, समझ, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और व्यवहारिक ज्ञान भी जरूरी है। जब बच्चा वास्तव में शिक्षित बनेगा, तभी वह जीवन में सफलता की नई ऊंचाइयों को छू सकेगा।” उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल सामान्य ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को सोचने, तर्क करने और अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की कला भी सिखाती है।
स्कूल के निदेशक मो. यूनुस खान ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के माध्यम से अपने व्यक्तित्व को निखारते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
समापन समारोह में विजेता टीमों को गिफ्ट एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र देकर उनके उत्साहवर्धन के साथ उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी संदेश दिया।