“सत्य की जीत” के जयघोष से गूंजा देवनारायण धाम — एएसआई राजेश मीणा का भव्य शक्ति प्रदर्शन

दिलखुश मोटीस

सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल|निलंबन आदेश रद्द होने के बाद शनिवार को एएसआई राजेश मीणा पहली बार आस्था के प्रमुख केंद्र श्री देवनारायण मंदिर पहुंचे, जहां उनका ऐतिहासिक स्वागत किया गया। मंदिर परिसर “जय देवनारायण” और “सत्य की जीत” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं और समाजबंधुओं ने फूल-मालाओं से लादकर तथा साफा पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
मंदिर में भगवान देवनारायण की विशेष पूजा-अर्चना के बाद आयोजित वार्ता कार्यक्रम में राजेश मीणा भक्ति रस में डूबे नजर आए। भजन-कीर्तन के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ नृत्य कर माहौल को और जोशीला बना दिया। पूरे परिसर में उत्साह और आस्था का संगम दिखाई दिया।
सभा को संबोधित करते हुए राजेश मीणा ने दो टूक कहा,
“सत्य को कभी दबाया नहीं जा सकता। भगवान देवनारायण की कृपा और समाज के आशीर्वाद से ही मेरा निलंबन रद्द हुआ है। मैं समाज के इस विश्वास को जीवनभर निभाऊंगा।”
उन्होंने भावुक होते हुए यह भी कहा कि समाज के मान-सम्मान की रक्षा के लिए वे हर परिस्थिति में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।
गौरतलब है कि पिछले दिनों केकड़ी विधायक और एएसआई राजेश मीणा के बीच अवैध खनन के मुद्दे को लेकर विवाद खड़ा हुआ था, जिसके बाद उन्हें निलंबित किया गया था। इस फैसले के विरोध में मीणा समाज सहित विभिन्न संगठनों ने ज्ञापन सौंपकर निलंबन रद्द करने की मांग उठाई थी। आदेश निरस्त होते ही समाज में खुशी की लहर दौड़ गई और इसे “सत्य की जीत” के रूप में देखा जा रहा है।
इस अवसर पर श्रीदेवनारायण मंदिर विकास समिति अध्यक्ष कैलाश मीणा, प्रशासक रामप्रसाद मीणा, भाजपा नेता महेंद्र प्रतिहार, कांग्रेस नेता सांवर मल प्रतिहार सहित सैकड़ों समाजबंधु उपस्थित रहे।